महाराष्ट्र: महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे को जल्द ही महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है। वह अपने मंत्रालय के रूप में अर्बन डेवलपमेंट या पीडब्ल्यूडी जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी ले सकते हैं। इसके साथ ही, शिंदे अपने पार्टी कोटे में कई अहम मंत्रालयों जैसे राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, उद्योग और सामाजिक न्याय की मांग करेंगे।
आज होने वाली बैठक में शिंदे केंद्र में एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री पद की भी मांग कर सकते हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान, शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्रिमंडल में स्थान मिल सकता है। इसके अलावा, शिंदे शिवसेना के अन्य नेताओं को भी मंत्री बनाने पर विचार कर सकते हैं।
शिंदे के करीबियों का क्या कहना है?
शिंदे के समर्थकों का मानना है कि अगर वह उपमुख्यमंत्री पद और अपनी पार्टी के लिए अहम विभागों का जिम्मा लेते हैं, तो इससे उनकी पार्टी को महाराष्ट्र में मजबूती मिलेगी। खासतौर पर 2025 के शुरुआत में मुंबई, पुणे, ठाणे, औरंगाबाद, सोलापुर जैसे प्रमुख शहरों में होने वाले महापालिका चुनावों में इसका फायदा हो सकता है।
शिंदे सरकार में रहते हुए अपनी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों पर बेहतर नियंत्रण रख सकते हैं। इसके साथ ही, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार जैसे बड़े नेताओं के साथ समन्वय स्थापित कर वह अपनी पार्टी के हितों की रक्षा कर सकते हैं।
शिंदे का सरकार में रहने से उन्हें अपने विधायकों को उचित फंड दिलाने का भी मौका मिलेगा, जिससे उनकी स्थिति और ताकत मजबूत होगी। इस तरह, शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना को सरकार पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने का अवसर मिलेगा, जो अकेले उनके बिना संभव नहीं हो पाता।