Big Breaking: छत्तीसगढ़ की सेंट्रल यूनिवर्सिटी गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU) में एक बार फिर से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय परिसर में 13 दिनों के भीतर दूसरी मौत दर्ज की गई है। छात्र अर्सलान अंसारी की मौत का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब बॉटनी विभाग के प्रोफेसर नरेंद्र कुमार मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर नरेंद्र कुमार मिश्रा को सुबह 4 बजे उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय परिसर से सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रोफेसर नरेंद्र कुमार मिश्रा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के निवासी थे और लगभग दो साल पहले गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में नियुक्त हुए थे। बताया गया है कि वे विश्वविद्यालय परिसर में अकेले रहते थे। उनका शव सिम्स की मार्च्यूरी में रखा गया है, और पोस्टमार्टम परिजनों के पहुंचने के बाद ही किया जाएगा।
यह घटना उस समय हुई है जब अभी हाल ही में इसी विश्वविद्यालय के फिजिक्स विभाग के छात्र अर्सलान अंसारी की मौत ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे। अर्सलान 21 अक्टूबर को हॉस्टल से निकला था और 23 अक्टूबर को उसका शव तालाब में संदिग्ध हालत में मिला था।
लगातार दो मौतों से विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। छात्र संगठनों और शिक्षकों ने मांग की है कि प्रशासन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करे। वहीं, कुलपति आलोक चक्रवाल की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

