रायपुर। राजधानी के आज़ाद चौक थाना क्षेत्र स्थित रामकुंड बस्ती में जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित दही हांडी कार्यक्रम के दौरान विवाद बढ़ने पर चाकूबाजी की घटना हो गई। इस वारदात में गगन नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दही हांडी कार्यक्रम के दौरान गगन और वासुदेव मोहल्ले में रहने वाले कुंदन के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच रामकुंड बस्ती निवासी दद्दू साहू ने गगन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही आज़ाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी दद्दू साहू की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि यह हमला आपसी रंजिश या मौके पर हुई कहासुनी का नतीजा हो सकता है।
धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच हुई इस हिंसक घटना ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि त्योहारों पर पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करनी चाहिए थी, जिससे इस तरह की वारदातों को रोका जा सके।

