BIG NEWS: कोरबा जिले के बनधवाभाठा गांव में एक मार्मिक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। 75 वर्षीय सिहारिन बाई अपने बेटे सुरेश यादव के साथ खेत में काम कर रही थीं, तभी मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। मां की चीख सुन बेटा दौड़कर पहुंचा और उन्हें कंधे पर उठाकर गांव तक लाया, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड गांव तक पीछा करता रहा। गंभीर हालत में सिहारिन बाई को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार खेत के पास एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था, जो संभवतः किसी हलचल या शोर से बौखला गया था। यह पहला मौका नहीं है जब गांव में मधुमक्खियों ने हमला किया हो, लेकिन इतनी बड़ी जानलेवा घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों और बस्तियों के पास मौजूद ऐसे छत्तों को तत्काल हटवाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

