Breaking News : जगदलपुर/कंधमाल। ओडिशा के कंधमाल जिले से नक्सलियों के खात्मे की एक बड़ी खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में 6 खूंखार नक्सलियों को मार गिराया है। इस मुठभेड़ की सबसे बड़ी कामयाबी प्रतिबंधित संगठन के सेंट्रल कमेटी (CC) मेंबर गणेश उईके का खात्मा है, जिस पर लाखों रुपये का इनाम था और जिसकी तलाश देश के 7 राज्यों की पुलिस को थी।
Breaking News : रात भर चली जबरदस्त मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार, कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में बीती रात से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन को ओडिशा की स्पेशल फोर्स (SOG) की 20 टीमों और सीआरपीएफ (CRPF) की 3 टीमों ने मिलकर अंजाम दिया।
read more : Mob Lynching Kerala : केरल में नफरत की भेंट चढ़ गया था छत्तीसगढ़ का लाल, अब 30 लाख मुआवजे का एलान
पहला चरण (बीती रात): रात में हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर किया। इसमें एरिया कमेटी मेंबर (ACM) बारी उर्फ राकेश भी शामिल था। राकेश छत्तीसगढ़ के बीजापुर का रहने वाला था और उस पर करीब 23 लाख 65 हजार रुपये का बड़ा इनाम घोषित था।
दूसरा चरण (आज सुबह): सुबह की कार्रवाई में जवानों ने 2 महिला और 2 पुरुष नक्सलियों को मार गिराया। इसी दौरान टॉप लीडर गणेश उईके के मारे जाने की पुष्टि हुई।
कौन था गणेश उईके?
गणेश उईके नक्सली संगठन का एक बड़ा चेहरा था। वह तेलंगाना के नलगोंडा जिले का निवासी था और साउथ सब जोनल ब्यूरो का इंचार्ज था। उसकी मौजूदगी से बस्तर से लेकर तेलंगाना और ओडिशा तक नक्सली नेटवर्क संचालित होता था। गणेश के मारे जाने को नक्सली संगठन के लिए एक ‘बैकबोन’ टूटने जैसा माना जा रहा है।
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान जवानों ने 2 इंसास (INSAS) राइफल और एक 303 राइफल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया है। ओडिशा पुलिस के डीआईजी (ऑपरेशन) अखिलेश्वर सिंह और कंधमाल एसपी खुद इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।

