Breaking News: बिलासपुर के अशोक नगर स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में दानपेटी चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में रखी दानपेटी चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना के सामने आते ही मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया और इसकी जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी गई।
CCTV फुटेज की जांच में पता चला कि अशोक नगर के अटल आवास में रहने वाली तीन नाबालिग लड़कियां इस चोरी की वारदात में शामिल थीं। वीडियो में साफ दिखा कि तीनों लड़कियां मंदिर पहुंचीं, दानपेटी उठाई और तेजी से वहां से भाग गईं।
मंदिर समिति ने मामले पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सरकंडा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि चोरी के बाद नाबालिगों ने दानपेटी को गणपति अस्पताल के पीछे स्थित खेत में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
पुलिस और परिजनों की उपस्थिति में तीनों नाबालिगों से पूछताछ की गई। समाज और परिवार के सामने अपनी गलती का अहसास होने पर लड़कियों के परिजनों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की और उन्हें समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

