Breaking News : दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (Bhilai Steel Plant- BSP) के पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन नंबर-2 (PBS-2) में शुक्रवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना इंटरनल कोल्ड लेग (ICL) के सामने हुई, जहाँ PBS-2 के पाइपलाइन से गैस का रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही सेकंड में रिसती हुई गैस ने आग की विकराल लपटों का रूप ले लिया।
Breaking News : तुरंत मोर्चा संभाला गया
घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी के दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। संयंत्र प्रबंधन के अनुसार, दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
यूनिटों के संचालन पर असर की आशंका
बताया गया है कि यह ब्लोइंग स्टेशन सीधे कोकोवन से जुड़ा हुआ है। इस स्टेशन से निकलने वाली ब्लोइंग गैस का उपयोग संयंत्र के अन्य महत्वपूर्ण विभागों की मशीनों को संचालित करने के लिए किया जाता है। गैस लीकेज और आग लगने के कारण संयंत्र की कुछ यूनिटों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई थी, हालाँकि प्रबंधन ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में लाने का दावा किया है।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी कर्मचारी या अधिकारी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। संयंत्र प्रबंधन ने इस गैस रिसाव और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

