रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दुखद समाचार सामने आया है। रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने (93 वर्ष) का निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

1977 के विधानसभा चुनाव में रजनी ताई उपासने ने जनता पार्टी के टिकट पर कांग्रेस की दिग्गज नेत्री शारदा चरण तिवारी को हराकर इतिहास रचा था। इस जीत के साथ वे रायपुर शहर की पहली और अब तक की एकमात्र महिला विधायक बनीं। राजनीति में कदम रखने से पहले ही वे जनसंघ से सक्रिय रूप से जुड़ी रहीं और कई आंदोलनों में अहम भूमिका निभाई।
रजनी ताई उपासने ने 46 वर्ष की आयु में विधायक का कार्यकाल संभाला और अपने सादगीपूर्ण जीवन, जनसेवा व समर्पण के लिए जनता के बीच खास पहचान बनाई। उनके निधन से छत्तीसगढ़ ने एक ऐसी महिला नेत्री को खो दिया है, जिसने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी की मिसाल पेश की थी।

