रायपुर: युवा कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चली आ रही निष्क्रियता पर कड़ा कदम उठाते हुए रायपुर शहर जिला युवा कांग्रेस कमेटी और सभी विधानसभा अध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इस संबंध में आदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी महासचिव आदिल आलम खैरानी और शहर जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप ने जारी किए। मीडिया विभाग अध्यक्ष तुषार गुहा ने बताया कि कई पदाधिकारी और विधानसभा अध्यक्ष लंबे समय से संगठन के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए थे, जिससे संगठन की सक्रियता और प्रभाव पर नकारात्मक असर पड़ा।
युवा कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि आगे केवल सक्रिय, कर्मठ और निस्वार्थ कार्यकर्ताओं को ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार करना है, ताकि पार्टी के युवा विंग की ताकत और प्रभाव को और मजबूती मिले। संगठन को उम्मीद है कि यह कदम भविष्य में बेहतर भागीदारी और मजबूती का मार्ग प्रशस्त करेगा।


