CG Breaking: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह उर्फ राजा बरार के छत्तीसगढ़ दौरे ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा नेता आलोक पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेतृत्व जनता और कार्यकर्ताओं के मुद्दों से दूर होकर भ्रष्टाचार के आरोपियों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।
पाण्डेय के अनुसार, रायपुर पहुंचने के बाद राजा बरार आम कांग्रेस कार्यकर्ताओं, आंदोलन के दौरान जेल गए नेताओं, किसान-श्रमिकों या किसी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं गए, बल्कि सीधा जेल जाकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल से मिलने पहुँचे। उन्होंने कहा कि चैतन्य बघेल किसी राजनीतिक प्रताड़ना का शिकार नहीं हैं, बल्कि शराब घोटाले के आरोपी के रूप में जेल में बंद हैं।
‘कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया’ — आलोक पाण्डेय
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में फैला शराब घोटाला एक संगठित भ्रष्टाचार का उदाहरण है, जिसके कारण कई नेता और व्यापारी जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व उन लोगों को प्राथमिकता दे रहा है जिनपर गंभीर आरोप हैं, जबकि जमीनी स्तर के कार्यकर्ता उपेक्षित और निराश हैं। पाण्डेय ने कहा, “कांग्रेस का हाथ भ्रष्टाचारियों के साथ है। अगर कांग्रेस इसी तरह काम करती रही, तो उसका भविष्य और अधिक अंधकारमय होगा।”
बिहार चुनाव का उदाहरण देकर कांग्रेस पर कटाक्ष
बिहार चुनाव परिणामों का ज़िक्र करते हुए पाण्डेय ने कहा कि भाजपा की बंपर जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भ्रष्टाचार विरोधी नीतियों और विकासवादी राजनीति का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव को गंभीरता से नहीं लिया और जनसंपर्क करने की बजाय ‘पिकनिक’ मनाने में समय बिताया उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की पराजय ने कार्यकर्ताओं में भारी निराशा पैदा की है, और पार्टी नेतृत्व लगातार कार्यकर्ताओं की भावनाओं से कटता जा रहा है।
छत्तीसगढ़ बनाम बिहार: दो उदाहरण, दो नतीजे
पाण्डेय ने 2018 के छत्तीसगढ़ चुनाव और हालिया बिहार चुनाव का हवाला देकर कहा कि कांग्रेस के प्रभारी चंदन यादव छत्तीसगढ़ में जीत का श्रेय लेते हैं, लेकिन बिहार में अपनी सीट भी नहीं बचा पाए। इसके विपरीत, भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नवीन ने बिहार में भारी मतों से जीत दर्ज की। पाण्डेय के अनुसार, यह फर्क बताता है कि जनता किसकी नीतियों पर भरोसा करती है।
‘राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार कमजोर’
पाण्डेय ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के हर चुनावी प्रदर्शन में गिरावट जारी है और यह पार्टी के अंदर बढ़ते विभाजन का परिणाम है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी “लगातार हार के लिए बधाई के पात्र” हैं क्योंकि उनके नेतृत्व में पार्टी हर बार कमजोर होती जा रही है। अंत में उन्होंने कहा कि जनता अब भ्रष्टाचार से समझौता नहीं करेगी और ईमानदार, विकास केंद्रित राजनीति को ही प्राथमिकता देगी।

