CG News: दीपावली के दिन जब पूरा देश रोशनी और खुशियों का त्योहार मना रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया है. उन्होंने लिखा — “दिवाली पर मुझे जेल में बंद अपने बेटे चैतन्य बघेल से मिलने की अनुमति नहीं मिली.”
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में दो दशक पहले के एक किस्से को याद करते हुए कहा, “दो दशक पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने बाबूजी को जेल भेजा था, लेकिन तब दीवाली के दिन उनसे मिलने की छूट मिल गई थी.”
बघेल का मोदी-शाह पर निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे लिखा — “नरेंद्र मोदी और अमित शाह की कृपा से बेटा जेल में है. आज दीवाली है, पर मुझे उससे मिलने की अनुमति नहीं है. बहरहाल, सबको दीवाली की शुभकामनाएं.”
उनके इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है. कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है.
चैतन्य बघेल पर क्या हैं आरोप?
ईडी (ED) ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था. उन पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में शामिल होने का आरोप है. ईडी के अनुसार, राज्य में लगभग ₹2,500 करोड़ से अधिक का घोटाला हुआ है, जिसमें चैतन्य बघेल पर ₹1,000 करोड़ के अवैध प्रबंधन का आरोप है. हाल ही में उनकी जमानत याचिका को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था.
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
भूपेश बघेल के इस भावनात्मक पोस्ट के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” है, वहीं भाजपा नेताओं ने इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

