CG News: नंदई वार्ड में घनी आबादी के बीच बगैर अनुमति शराब दुकान खोले जाने पर गुरुवार सुबह वार्डवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। मेडिकल स्टोर की तरह सजाई गई दुकान में अचानक आधी रात को प्रीमियम शराब की बोतलें सजते ही वार्ड के लोगों के होश उड़ गए।
स्थानीय लोगों के विरोध के बीच मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुबह होते ही सैकड़ों लोग दुकान के बाहर जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। वार्डवासियों का आरोप है कि कई दिनों से उन्हें मेडिकल दुकान खुलने की जानकारी दी गई थी और दुकान को उसी तरह सजाया भी गया था, लेकिन देर रात इसमें शराब की बिक्री की तैयारी कर दी गई।
मकान मालिक नदारद, आबकारी विभाग के अधिकारी भी उपस्थित नहीं
प्रदर्शनकारी लगातार मकान मालिक को बुलाने की मांग करते रहे, लेकिन वह मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। लोगों के गुस्से को देखते हुए पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे, मगर भीड़ लगातार विरोध में डटी रही और कहा कि किसी भी कीमत पर यहां शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वार्डवासियों ने आबकारी विभाग के अधिकारियों से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी अधिकारी ने फोन तक रिसीव नहीं किया। आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी को भी फोन लगाया गया, पर प्रतिक्रिया नहीं मिली।
वार्ड में तनाव का माहौल
पूरे दिन नंदई वार्ड में तनाव का माहौल बना रहा। प्रशासन को भीड़ को शांत करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह शराब दुकान खोलना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।
वार्डवासी इस मुद्दे पर अपनी मांगों पर अड़े रहे और साफ कहा कि जब तक दुकान बंद नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।

