CG News: महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने सोमवार को वार्ड क्रमांक 24 और 25 का दौरा किया। इस दौरान वार्ड वासियों ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। लोगों ने बताया कि नालियां अत्यंत सकरी होने से गंदा और दूषित पानी सीधे घरों में घुस रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

जर्जर पुलिया और छोटी नालियों से परेशान वार्डवासी
वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड 25 में कई गलियों में बनी नालियां बेहद छोटी हैं। बरसात के दिनों में गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है। वहीं वार्ड में स्थित पुलिया भी जर्जर हो चुकी है, जिसके मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है।
कुम्हारपारा स्कूल में असामाजिक तत्वों की समस्या
कुम्हारपारा में स्थित स्कूल के आसपास शाम ढलते ही असामाजिक तत्व शराब का सेवन करते हैं और बोतलें तोड़कर इधर-उधर फेंक देते हैं। इससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर असर पड़ रहा है। स्कूल में बाउंड्रीवाल नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है। अध्यक्ष साहू ने आश्वासन दिया कि यहां कांटेदार तार लगाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।

विकास कार्यों का आश्वासन
अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्डवासियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों का विस्तृत विवरण लिया और संभावित विकास कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि वार्ड 25 में रंगमंच की मरम्मत और सीसी रोड निर्माण कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद भाऊराम साहू और मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
विद्यालय पहुंचकर बच्चों से की मुलाकात
निरीक्षण के बाद अध्यक्ष साहू वार्ड 25 स्थित शासकीय प्राथमिक और मिडिल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों की शिक्षा, मध्यान्ह भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान विभागीय कर्मचारी भी मौजूद रहे।


