CG Ration Card: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार e-KYC सत्यापन की अंतिम तिथि बढ़ा सकती है, क्योंकि अब तक बड़ी संख्या में पात्र परिवारों का सत्यापन अधूरा है। खाद्य विभाग के अनुसार, प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ पंजीकृत सदस्यों में से केवल 77 लाख लोगों ने ही e-KYC पूरी की है, जबकि 33 लाख सदस्य अभी बाकी हैं। सरकार ने राशन कार्ड e-KYC की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर 2025 तय की थी, लेकिन त्योहारों और फील्ड स्तर पर धीमी रफ्तार के कारण लक्ष्य पूरे नहीं हो पाए। विभाग अब समय सीमा बढ़ाने पर विचार कर रहा है, ताकि शेष पात्र सदस्य भी प्रक्रिया पूरी कर सकें।
रायपुर में सबसे ज्यादा लंबित सत्यापन:
रायपुर जिले में 22.26 लाख पंजीकृत सदस्य हैं, जिनमें से 18.07 लाख ने e-KYC पूरी कर ली है, जबकि 4.19 लाख का सत्यापन अभी बाकी है। इसी तरह, दुर्ग जिले में 18.40 लाख सदस्यों में से 14.60 लाख ने सत्यापन कराया है और 3.80 लाख सदस्य लंबित हैं। बिलासपुर जिले में 19.10 लाख पंजीकृत में से 15.25 लाख लोगों ने प्रक्रिया पूरी की, जबकि 3.85 लाख का सत्यापन शेष है।
लक्ष्य और हकीकत:
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने प्रतिदिन 22 हजार e-KYC सत्यापन का लक्ष्य रखा था, लेकिन अधिकांश जिलों में शिविर नहीं लगाए गए और कर्मचारियों की जवाबदेही तय नहीं हुई। नतीजतन, अभियान सिर्फ आदेशों और बैठकों तक सीमित रह गया। रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिले में 85% कार्य पूरा हो गया है और आगे का आदेश मिलने पर शेष सदस्य भी सत्यापन करा सकेंगे।
क्यों जरूरी है e-KYC?
सरकार ने यह अभियान फर्जी राशन कार्ड और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को रोकने के लिए शुरू किया है। आधार आधारित प्रमाणीकरण से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि वास्तविक पात्र परिवारों को ही खाद्यान्न का लाभ मिले। हालांकि, नेटवर्क समस्या, तकनीकी दिक्कतें और जन-जागरूकता की कमी से कई लोग अभी तक प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं।

