Raipur News: रायपुर के लाखेनगर इलाके में चल रहे गणेशोत्सव के दौरान उस समय तनाव पैदा हो गया, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सिंधी युवा एकता गणेश उत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की AI-जनरेटेड प्रतिमा और पंडाल में बजाए जा रहे फिल्मी गानों को लेकर आपत्ति जताई. विरोध प्रदर्शन इतना बढ़ गया कि समिति को पंडाल की बत्तियाँ बंद करके मूर्ति को ढँकना पड़ा.
बजरंग दल के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पंडाल में देर रात “अशोभनीय गाने” बजाए जा रहे थे और भगवान गणेश की प्रतिमा के “मूल स्वरूप” के साथ छेड़छाड़ की गई थी. उनका कहना है कि समिति को पहले ही गणेशजी की प्रतिमा को पारंपरिक रूप में स्थापित करने के लिए कहा गया था, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई.
यह विवाद जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें समिति के सदस्यों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और पंडाल के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करना शुरू कर दिया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है, जिसमें कई थानों के इंचार्ज भी शामिल हैं. इसके अलावा, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर पहुँचे हैं. बजरंग दल के सदस्य अपनी माँग पर अड़े हुए हैं कि जब तक प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.

