रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ता आज सड़कों पर उतर आए। गोगांव और गुढ़ियारी क्षेत्र के स्थानीय रहवासी गांजा, शराब, सट्टा और बढ़ते अपराध से परेशान होकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया।

कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो गुढ़ियारी थाने का घेराव किया जाएगा। वहीं, नेता राम साहू ने बताया कि संत कबीरदास वार्ड क्रमांक-3 में बेखौफ अवैध शराब, गांजा और सट्टे का कारोबार चल रहा है। स्कूल परिसर से सटे आहता व चखना सेंटर के कारण छात्राओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में गहरी नाराज़गी है। प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी भेखलाल चंद्राकर को ज्ञापन सौंपा गया और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।


