रायपुर, 01 अगस्त 2025। एन.एस.यू.आई प्रदेश सचिव कुणाल दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर निगम जोन क्रमांक-10, अमलीडीह के जोन कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से अमलीडीह क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़े एक्सप्रेस वे जॉइंट रोड निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है, जिसके चलते नागरिकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। जगह-जगह जलभराव, ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

ज्ञापन में न केवल सड़क निर्माण, बल्कि नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, साफ-सफाई व्यवस्था और पेयजल संकट जैसी अन्य समस्याओं की ओर भी नगर निगम का ध्यान आकर्षित किया गया। प्रदेश सचिव कुणाल दुबे ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो एन.एस.यू.आई चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस मौके पर प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर ख़ान, जिला महासचिव संस्कार पांडेय, तनिष्क मिश्रा, रोहन बाग समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

