Ditwah Cyclone : रायपुर। खतरनाक चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ (Ditwah Cyclone) कमजोर पड़ने के बावजूद छत्तीसगढ़ के मौसम पर अपनी नमी छोड़ गया है। मौसम विभाग (IMD) ने पुष्टि की है कि यह तूफान अब ‘गहन अवदाब’ से कमजोर होकर केवल ‘अवदाब’ (Depression) में बदल चुका है, लेकिन इसका असर राज्य के दक्षिणी हिस्सों में बना रहेगा।
Ditwah Cyclone : मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी पर केंद्रित यह अवदाब (जो अभी चेन्नई तट से लगभग 30 किमी दूर है) हवा में नमी ला रहा है, जिसके चलते आगामी दो दिनों तक प्रदेश के दक्षिण संभागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में असर: अगले दो दिन तक बस्तर संभाग और उससे सटे इलाकों में बादल छाए रहेंगे और बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान और ठंड: वर्तमान में प्रदेश के अन्य इलाकों के तापमान में कोई विशेष गिरावट दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, इन दो दिनों बाद, जब मौसमी सिस्टम पूरी तरह से हट जाएगा, तब राज्य में ठंड में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
पिछला हाल: बीते 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

