Indigo Flight: दिल्ली एयरपोर्ट पर मंगलवार (30 सितंबर) सुबह अचानक अफरा-तफरी मच गई जब मुंबई से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 762 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह सूचना सुबह करीब 8 बजे मिली, जिसके बाद एयरपोर्ट पर तुरंत इमरजेंसी अलर्ट घोषित कर दिया गया। उस समय विमान में लगभग 200 यात्री सवार थे। सुरक्षा एजेंसियों और एयरपोर्ट अधिकारियों ने फौरन इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई।
लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनके सामान की गहन जांच की गई। लंबी तलाशी के बावजूद विमान से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि धमकी ‘नॉन-स्पेसिफिक’ थी, यानी इसमें किसी वास्तविक खतरे का संकेत नहीं था। इसके बावजूद एयरपोर्ट पर सुरक्षा पूरी तरह कड़ी कर दी गई और एजेंसियों ने एहतियात बरता।
इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया। प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा खतरे की सूचना मिलते ही तुरंत प्रोटोकॉल का पालन किया गया और सभी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए उन्हें लगातार अपडेट दिया गया और रिफ्रेशमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

