Pandit Pradeep Mishra Katha : दुर्ग, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ की धर्मधरा दुर्ग में कल 17 दिसंबर से भक्ति का अनूठा संगम होने जा रहा है। विश्व विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ग्राम नगपुरा में भव्य शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे। इस आयोजन में प्रदेशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इतनी बड़ी संख्या में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए दुर्ग पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। विशेष रूप से यातायात विभाग ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए विस्तृत रूट डायवर्सन और पार्किंग प्लान लागू कर दिया है, ताकि कथा के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति न बने।
Pandit Pradeep Mishra Katha : यातायात पुलिस द्वारा जारी प्लान के अनुसार, कथा स्थल की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। गनियारी और बोरई मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को श्रीराम पान पैलेस के पास से ही डायवर्ट किया जा रहा है। ये वाहन अब बोरई, घुमका और ठेलका डीह होते हुए राजनांदगांव की ओर जा सकेंगे। इसी तरह, चिखली चौक और धमधा रोड से कार्यक्रम स्थल की ओर किसी भी भारी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने सृष्टि इंजीनियर चौराहा और बोरई तिराहा के पास भी विशेष बल तैनात किया है ताकि भारी वाहनों को समय रहते मोड़ा जा सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने शहर के चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए हैं। यदि आप दुर्ग, भिलाई या रायपुर की ओर से आ रहे हैं, तो आपको अपने वाहन बाजार चौक से बिजली सब स्टेशन के पास बनी पार्किंग में पार्क करने होंगे। वहीं, अंजोरा, गनियारी या बाईपास मार्ग से आने वाले भक्तों के लिए नगपुरा पुलिस चौकी के बगल वाले मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। खैरागढ़ और धमधा की ओर से आने वाले लोगों के लिए चौकी से पहले ही सड़क के दाएं-बाएं बड़े पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आयोजन के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक रास्तों का चयन किया गया है। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। 17 दिसंबर से शुरू होने वाली इस शिव महापुराण कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह है और नगपुरा गांव पूरी तरह से शिवमय हो चुका है।

