Raipur Big News : रायपुर, छत्तीसगढ़। रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने के चलते एक कर्मचारी के आत्महत्या का प्रयास करने का गंभीर मामला सामने आया है। उच्च पदस्थ रेल मंडल सूत्रों के अनुसार, कर्मचारी ने फिनाइल का सेवन कर लिया, जिसके बाद उन्हें तुरंत देवेंद्र नगर स्थित श्री नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल कर्मचारी का इलाज जारी है।
Raipur Big News : अधिकारी से नहीं मिल पाने पर निराशा
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर परेशान था। इसी संबंध में वह अपनी बात रखने के लिए मंडल के सीनियर डिविजनल पर्सनल ऑफिसर (Sr. DPO) से मिलने पहुंचा था, लेकिन अधिकारी ने उससे मिलने से साफ इनकार कर दिया।
इसके बाद, कर्मचारी ने असिस्टेंट पर्सनल ऑफिसर (APO) से मुलाकात की, लेकिन वहां भी उसकी समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। अधिकारियों से निराशाजनक व्यवहार और अपनी समस्या का निराकरण न होने से तंग आकर, कर्मचारी ने हताशा में यह चरम कदम उठाने की कोशिश की। समय रहते आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच गई।
रेल कर्मचारियों में रोष, उच्चस्तरीय जांच की मांग
इस घटना के सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों में गहरा गुस्सा और रोष व्याप्त है। कर्मचारी संघों और सहकर्मियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यह घटना अधिकारियों के असंवेदनशील रवैये को दर्शाती है और दोषी अधिकारी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएँ दोहराई न जा सकें।

