Tue. Dec 30th, 2025

Raipur News : चोरी के जेवरात गिरवी रखने वाली बजाज फाइनेंस की महिला कर्मचारी गिरफ्तार

Raipur News
Raipur News

Raipur News : रायपुर, 27 दिसंबर 2025: राजधानी की न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने चोरी के आभूषणों को बिना किसी वैध दस्तावेज के गिरवी रखने के मामले में एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी की एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जिसने अवैध रूप से चोरी का सोना फाइनेंस कंपनी में जमा कराया था।

Raipur News : क्या है पूरा मामला?
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थिया सुशीला जाल ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थिया ने बताया कि वह अक्टूबर माह में स्वास्थ्य कारणों से अपने गृह राज्य ओडिशा गई हुई थीं। 25 अक्टूबर को जब वह वापस लौटीं, तो उनके परसुराम नगर (पुरैना) स्थित घर के ताले टूटे मिले और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी गायब थी।

जांच में हुआ बड़ा खुलासा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने जांच शुरू की और पूर्व में इस मामले से जुड़े एक विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग) और मुख्य आरोपी आशीष नेताम को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी आशीष ने कबूल किया कि उसने चोरी के जेवरातों को तेलीबांधा स्थित बजाज फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखा है।

महिला फाइनेंसकर्मी की मिलीभगत
पुलिस जब जांच के लिए फाइनेंस कंपनी पहुंची, तो पता चला कि वहां कार्यरत महिला कर्मचारी सनोहर जाहां (27 वर्ष) ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बिना किसी वैध दस्तावेज के चोरी के जेवरात गिरवी रखे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। महिला की निशानदेही पर चोरी के जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।

आरोपियों पर कानूनी शिकंजा
इस प्रकरण में संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 278/25, धारा 331(4), 305, 3(5), और 317(1) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिला आरोपी सनोहर जाहां, पंडरी (मोवा) की निवासी बताई जा रही है। रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा और सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *