Raipur Sports News: स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा (रायपुर) में जारी छत्तीसगढ़ फुटबॉल चैंपियंस लीग 2025 के चौथे राउंड में गुरुवार की रात कुल पाँच रोमांचक मुकाबले खेले गए। इस दौरान सराफत लायंस, जेएसएफ क्लब और मैट्स पैंथर्स ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि दो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए। राज्यपाल रमेन डेका ने टूर्नामेंट की सफलता के लिए आयोजकों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
क्लब के अध्यक्ष अधिवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि दिन का पहला मैच सराफत लायंस और बोर्नियो कैपिटल एफसी के बीच खेला गया। सराफत लायंस ने 3-1 से मुकाबला जीता। टीम की ओर से शिवम साहू (8वां मिनट), प्रणय ध्रुव (12वां मिनट) और राजेश कुमार (33वां मिनट) ने गोल दागे। वहीं, बोर्नियो की तरफ से शिवेश द्विवेदी (44वां मिनट) ने एकमात्र गोल किया।
दूसरे मुकाबले में मैट्स पैंथर्स ने ब्रह्मविद एफसी को 3-2 से मात दी। पैंथर्स के नितेश ने (4वें, 11वें और 39वें मिनट) में हैट्रिक गोल दागे। ब्रह्मविद एफसी की ओर से भोले (21वां मिनट) और अरुण कुमार (45वां मिनट) ने गोल किए।
तीसरे मैच में जेएसएफ क्लब ने इन्फिनिटी टाइगर्स को 4-1 से पराजित किया। जेएसएफ की ओर से मॉरिस दास (12वां, 23वां मिनट), निरंजन (18वां मिनट) और अरशद हुसैन (48वां मिनट) ने गोल दागे। इन्फिनिटी टाइगर्स के एम. संदीप (42वां मिनट) ने एकमात्र गोल किया।
चौथा मुकाबला नरेश चैलेंजर्स और विला एफसी के बीच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। नरेश की ओर से अजय (9वां मिनट) ने गोल किया, जबकि विला के उदय (34वां मिनट) ने स्कोर बराबर किया।
अंतिम मैच एस.एस. ब्लास्टर्स और फिल्स फाइटर्स बिलासपुर के बीच खेला गया, जो 0-0 से ड्रॉ रहा। दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।

