State Youth Festival : बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र में आज, 23 दिसंबर से तीन दिवसीय ‘राज्य युवा महोत्सव’ का शानदार शुभारंभ होने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश भर के लगभग 3000 प्रतिभाशाली युवा हिस्सा ले रहे हैं। इस गरिमामय समारोह की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। आयोजन का समापन 25 दिसंबर को राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में होगा।
State Youth Festival : 14 विधाओं में दिखेगा युवाओं का हुनर
इस महोत्सव में जिला स्तर पर जीत हासिल करने वाले प्रतिभागी कुल 14 अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इनमें 8 दलीय विधाएं जैसे लोकनृत्य, पंथी, राउत नाचा, सुआ, करमा, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी शामिल हैं। वहीं, 6 एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं होंगी। खास बात यह है कि मुख्य विधाओं के विजेता प्रतिभागी अगले वर्ष नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026’ में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नकद पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि का प्रावधान
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए सरकार ने आकर्षक पुरस्कार राशि तय की है। दलीय विधाओं में प्रथम आने वाली टीम को 20 हजार, द्वितीय को 15 हजार और तृतीय को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। एकल विधाओं में क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपए का इनाम मिलेगा। इसके अलावा, आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है कि महोत्सव में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को 1000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी ताकि उनका मनोबल बढ़ सके।
कुमार विश्वास और आरू साहू बिखेरेंगे जलवा
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिहाज से यह महोत्सव बेहद खास होने वाला है। आज यानी 23 दिसंबर की शाम अनुज शर्मा के ‘आरूग बैंड’ की प्रस्तुति और नारायणपुर के खिलाड़ियों द्वारा मल्लखंब का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, रात 8:30 बजे बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास के साथ भव्य कवि सम्मेलन होगा। अगले दो दिनों में काफिला बैंड, स्वप्निल लाइव बैंड, आरू साहू और बस्तर के प्रसिद्ध ‘दायरा’ बैंड की प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। इसी आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले पहले ‘खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स’ की भी लॉन्चिंग की जाएगी।

