Fri. Feb 13th, 2026

Suryakiran Air Show: नवा रायपुर में 5 नवंबर को होगा भव्य एयर शो, फ्लाइट्स हो सकती हैं डिले

Suryakiran Air Show
Suryakiran Air Show

Suryakiran Air Show: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर राज्योत्सव के अंतिम दिन 5 नवंबर को नवा रायपुर में वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team) एयर शो का शानदार प्रदर्शन करेगी। यह कार्यक्रम सेंध तालाब के ऊपर सुबह 10 से 12 बजे के बीच आयोजित होगा। इस दौरान वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर हवा में रोमांचक करतब दिखाएंगे, जबकि जवान 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैरा जंपिंग करेंगे। आयोजन स्थल सेंध तालाब के आसपास लगभग एक लाख दर्शकों के जुटने की संभावना है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए विस्तृत तैयारियां की हैं।

4 और 5 नवंबर को डिले हो सकती हैं कई फ्लाइट्स
एयर शो से पहले 4 नवंबर को रिहर्सल किया जाएगा, जिसके चलते दोनों दिन (4 और 5 नवंबर) सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच कई फ्लाइट्स लेट या रद्द हो सकती हैं। एयरफोर्स की तकनीकी टीम 2 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट पहुंच चुकी है और नौ एयरक्राफ्ट व दो हेलीकॉप्टर की टेक्निकल जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच के चलते कुछ फ्लाइट्स पहले ही प्रभावित हुई हैं। लखनऊ-रायपुर फ्लाइट सवा नौ की जगह सवा आठ बजे पहुंची, वहीं हैदराबाद, भुवनेश्वर और दिल्ली की फ्लाइट्स भी प्रभावित हुईं।

तीन रूट से पहुंचे दर्शक: VVIP, VIP और आम नागरिकों के लिए अलग मार्ग
आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए तीन रूट निर्धारित किए गए हैं –

  1. VVIP रूट: जैनम तिराहा – विमानतल तिराहा – सत्य साई हॉस्पिटल – सेंध तालाब।

  2. VIP रूट: माना विमानतल – स्टेडियम तिराहा – कोटराभाठा कबीर चौक – सेक्टर 12 – सेक्टर 9 – सेक्टर 4 – सेंध तालाब।

  3. आम दर्शक रूट: माना विमानतल – स्टेडियम तिराहा – सेक्टर 12 – सेक्टर 9 – सेक्टर 4 – अविनाश उपवन पार्किंग।

अभनपुर और मंदिर हसौद की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं, ताकि भीड़ नियंत्रण और यातायात सुचारू रहे।

रिहर्सल भी खुले में देख सकेंगे दर्शक
एयरफोर्स की सूर्यकिरण टीम 4 नवंबर को रिहर्सल करेगी, जिसे आम लोग भी देख सकेंगे। प्रशासन के अनुसार, टीम अपने अद्भुत हवाई करतबों से दर्शकों में रोमांच, देशभक्ति और गर्व की भावना जगाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *