प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ को मिले 100 नए पुल
रायपुर। राज्य के ग्रामीण विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर सूचित किया है कि प्रधानमंत्री जनमन योजना (बैच-II, 2025–26) के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 100 नए पुलों की मंजूरी दी गई है। 375.71 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले ये पुल राज्य में संपर्क और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाएंगे।
कबीरधाम में भगवान शिव की मूर्ति खंडित, हिंदू समाज में आक्रोश
कवर्धा। कबीरधाम जिले के सारंगढ़ क्षेत्र के हरमो गांव में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि गांव के मंदिर में स्थापित भगवान शिव की मूर्ति, शिवलिंग और शेषनाग को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित करने की कोशिश की गई है। इससे ग्रामीणों में गहरा रोष है और हिंदू संगठनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बस्तर में माओवादियों की खुली रैली का वीडियो वायरल
जगदलपुर। माओवाद प्रभावित बस्तर क्षेत्र में एक बार फिर नक्सल गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। हाल ही में माओवादियों का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे खुलेआम रैली निकालते और सांस्कृतिक कार्यक्रम करते दिख रहे हैं। यह वीडियो कथित तौर पर 28 जुलाई से 3 अगस्त तक मनाए गए शहीदी सप्ताह का बताया जा रहा है। सुरक्षा बल सतर्क हो गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
विदेशी ऑनलाइन ठगों का गिरोह दिल्ली से गिरफ्तार
राजनांदगांव। विदेश से गिफ्ट और विदेशी मुद्रा भेजने के नाम पर भारतीय महिलाओं से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। राजनांदगांव साइबर सेल और चिचोला पुलिस की टीम ने दिल्ली में कार्रवाई कर दो नाइजीरियन और एक दक्षिण अफ्रीकी आरोपी को गिरफ्तार किया है। उन्हें 5 अगस्त को जनकपुरी और उत्तम नगर से पकड़ा गया और ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाया गया है।
सरगुजा में वृद्ध दंपति की डबरी में डूबने से मौत
सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कटिंदा आमाचूआ में एक दर्दनाक हादसे में वृद्ध पति-पत्नी की डूबने से मौत हो गई। वे डबरी (तालाब) में नहाने गए थे, तभी यह हादसा हुआ। दोनों की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

