Tuhaar Token App : रायपुर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने धान विक्रय की प्रक्रिया को अभूतपूर्व रूप से सरल और पारदर्शी बना दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘तूहर टोकन ऐप’ को अब 24 घंटे, सातों दिन (24×7) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इस निर्णय के लागू होने के बाद अब किसानों के लिए टोकन काटने की कोई समय सीमा की बाध्यता नहीं रहेगी, और वे दिन या रात किसी भी समय अपनी सहूलियत के अनुसार मोबाइल ऐप से टोकन बुक कर सकेंगे।
Tuhaar Token App : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को किसान हित में एक निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि “किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। इससे धान विक्रय की बेहतर योजना बनेगी, वहीं भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से भी किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।”
20 दिन आगे तक टोकन और छोटे किसानों को अतिरिक्त समय
सरकार ने टोकन लेने की अवधि में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं:
टोकन बुकिंग अवधि का विस्तार: अब किसान 13 जनवरी तक, अगले 20 दिनों तक के लिए टोकन ले सकते हैं। इस विस्तार से किसानों को अपनी उपज बेचने की योजना बनाने में पर्याप्त समय मिलेगा और वे हड़बड़ी से बचेंगे।
छोटे किसानों को विशेष राहत: 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों को टोकन लेने की प्रक्रिया में विशेष राहत दी गई है। ये किसान अब 31 जनवरी तक ‘तूहर टोकन ऐप’ से टोकन ले सकेंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अवधि का यह विस्तार छोटे किसानों को वास्तविक राहत देगा।
सरकार ने किसानों से आग्रह किया है कि वे इस विस्तारित सुविधा का लाभ उठाएँ और यह सुनिश्चित करें कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएँगे। राज्य सरकार ने दोहराया है कि वह किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

