Fri. Mar 6th, 2026

रायपुर के दो तालाब – दो मौतें, परिवार में छाया मातम

रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को शराब के नशे में तालाब में नहाने उतरे दो युवकों की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई। एक हादसा तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव तालाब में और दूसरा विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित छठ तालाब में हुआ। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोनों ही मामलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किए।

मरीन ड्राइव तालाब में डूबने से मजदूर की मौत

तेलीबांधा मरीन ड्राइव के पास स्थित तालाब में दोपहर करीब 2:15 बजे हनी मानिकपुरी (23 वर्ष) डूब गया। वह अपने दोस्त के साथ छुट्टी बिताने आया था। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शराब के नशे में तालाब में नहाने उतरे थे। नहाते समय हनी गहराई में चला गया और डूब गया, जबकि उसका दोस्त तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव बरामद किया। मृतक मूल रूप से गुंडरदेही का रहने वाला था और रायपुर के टाटीबांध क्षेत्र में रहकर एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था।

छठ तालाब में गहराई का अंदाजा न लगने से डूबा युवक

दूसरी घटना सुबह लगभग 10:30 बजे सड्डू स्थित छठ तालाब में हुई। यहां वीरू धीवर (32 वर्ष) अपने दोस्त के साथ शराब पीने के बाद नहाने उतरा। गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। वीरू हलवाई का काम करता था और तीन बच्चों का पिता था।

दोनों घटनाओं में मृतकों के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *