एमपी में ट्रेन डिब्बा मैन्युफैक्चरिंग हब की सौगात
बेंगलुरु के बाद अब मध्य प्रदेश में भी ट्रेन के डिब्बे बनाए जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में BRAHMA–BEML रेल मैन्युफैक्चरिंग हब का भूमिपूजन किया। 1800 करोड़ रुपये की इस परियोजना से प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव (वर्चुअली) मौजूद रहे।
चुनाव आयोग का सख्त कदम
भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ा एक्शन लेते हुए देशभर के 334 राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद्द कर दिया है। इनमें मध्य प्रदेश के 15 और छत्तीसगढ़ के 9 दल शामिल हैं। यह कदम पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
खरगोन में सड़क हादसा, दो की मौत
खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्री की मौत हो गई। हादसा वाहन के अनियंत्रित होकर मोड़ पर पलटने से हुआ। इसमें मां सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नवविवाहिता की आत्महत्या
दतिया जिले में एक नवविवाहिता ने अपने भाई को राखी बांधने जाने से रोकने पर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
भोपाल में BBA छात्रा से दुष्कर्म
भोपाल में एक BBA छात्रा से तीन साल तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसका कॉलेज फ्रेंड ही इस वारदात में शामिल था। हाल ही में उसने शराब के नशे में पीड़िता और उसकी मां से मारपीट भी की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

