रायपुर। उरला, बिरगाँव और मरोरा क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबार तेजी से पांव पसार रहा है। आरोप है कि इन कबाड़ कारोबारियों द्वारा अवैध ट्रक कटिंग कराई जाती है और फैक्ट्री, भवन निर्माण में उपयोग होने वाले पंप, लोहे की छड़, साइकिल सहित अन्य सामान चोरों से सस्ते दामों पर खरीदे जाते हैं। इस कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, साथ ही अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि लूटपाट, चाकूबाजी, नशाखोरी और हत्या जैसी वारदातें भी सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई कबाड़ कारोबारियों पर पहले से ही चोरी का माल रखने और रेलवे संपत्ति चोरी के मामले दर्ज हैं। इस संदर्भ में बिरगांव कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ज्वाला गोस्वामी ने नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी है।


