रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) छत्तीसगढ़ ने प्रदेश कार्यकारिणी बैठक से अनुपस्थित रहे 84 पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह बैठक 12 अगस्त 2025 को प्रदेश प्रभारी महावीर गुर्जर और प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय की अध्यक्षता में हुई थी, जिसमें सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य थी। बावजूद इसके कई प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और जिला अध्यक्ष बैठक में नहीं पहुंचे।

NSUI के प्रभारी महामंत्री (संगठन) हेमंत पाल के हस्ताक्षर से जारी नोटिस में सभी अनुपस्थित पदाधिकारियों को 48 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
NSUI ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता और जिम्मेदारियों से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन का कहना है कि महत्वपूर्ण बैठकों में अनुपस्थिति से कार्यप्रणाली पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, इसलिए इस बार कड़ा रुख अपनाना जरूरी हो गया है।

