रायपुर। राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में मारपीट के दौरान एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोमनाथ यादव के रूप में हुई है। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है और इससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, 13 अगस्त को चार युवक सोमनाथ को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और पैर में चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल सोमनाथ को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना के संबंध में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह का तनाव न बढ़े।

