रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर ओलंपिक को लेकर प्रदेश की साय सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बैज ने कहा कि जिस बस्तर ओलंपिक का जिक्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से किया था, उसी आयोजन में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर ओलंपिक के लिए 4500 ट्रैक सूट खरीदे गए। इसके लिए निविदा प्रक्रिया में 5 कंपनियां शामिल हुईं, लेकिन सभी कंपनियां एक ही ब्रांड शिव-नरेश स्पोर्ट्स प्रा. लि. से जुड़ी थीं। सभी ने एक ही मॉडल (आर्टिकल कोड 459) का ट्रैक सूट कोट किया। अंत में शिव-नरेश कंपनी को एल-1 घोषित कर उससे 2499 रुपये की दर पर खरीदी की गई, जबकि कंपनी की वेबसाइट पर वही ट्रैक सूट 1539 रुपये में उपलब्ध है।
बैज ने सवाल उठाया कि जब एक ट्रैक सूट पर इतनी बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, तो पूरे आयोजन में कितना बड़ा घोटाला हुआ होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगते हुए कई अन्य मामलों में भी सत्तापक्ष पर निशाना साधा।

