रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। विशेष ईओडब्ल्यू अदालत ने मंगलवार को 28 आबकारी अधिकारियों के खिलाफ गैरहाजिर रहने पर वारंट जारी किया है। बताया जा रहा है कि सभी अधिकारियों को आज पेश होना था, लेकिन कोई भी कोर्ट में उपस्थित नहीं हुआ। अब किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी संभव है।
दरअसल, शराब घोटाले में ईओडब्ल्यू ने कुल 29 अधिकारियों को आरोपी बनाया था, जिनमें से एक अधिकारी की मौत हो चुकी है। बाकी 28 अधिकारियों की अग्रिम जमानत याचिका हाल ही में हाईकोर्ट ने खारिज कर दी थी। इसके बावजूद वे अदालत में हाजिर नहीं हुए।
क्या है बी-पार्ट शराब घोटाला?
2019 से 2023 के बीच प्रदेश के 15 जिलों में पदस्थ आबकारी अधिकारियों ने डिस्टलरी से बिना ड्यूटी चुकाई गई अवैध देशी शराब को सरकारी दुकानों में बेचा। इसे “बी-पार्ट शराब” नाम दिया गया। इस नेटवर्क में डिस्टलरी, ट्रांसपोर्टर, सेल्समैन, आबकारी अधिकारी और एजेंसियों के कर्मचारी शामिल थे।
ईओडब्ल्यू/एसीबी की जांच में सामने आया है कि लगभग 60.5 लाख पेटियां बी-पार्ट शराब बेची गईं, जिससे करीब 3200 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। इस मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल, रिटायर्ड IAS अनिल टूटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर समेत 15 लोग पहले से जेल में बंद हैं। अब तक करीब 70 आरोपियों को इस घोटाले में आरोपी बनाया गया है।
EOW ने शराब घोटाले में इन अधिकारियों को बनाया है आरोपी
- जनार्दन कौरव, सहायक जिला आबकारी अधिकारी
- अनिमेष नेताम, उपायुक्त आबकारी
- विजय सेन शर्मा, उपायुक्त आबकारी
- अरविंद कुमार पाटले, उपायुक्त आबकारी
- प्रमोद कुमार नेताम, सहायक आयुक्त आबकारी
- रामकृष्ण मिश्रा, सहायक आयुक्त आबकारी
- विकास कुमार गोस्वामी, सहायक आयुक्त आबकारी
- इकबाल खान, जिला आबकारी अधिकारी
- नितिन खंडुजा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी
- नवीन प्रताप सिंह तोमर, सहायक आयुक्त आबकारी
- मंजुश्री कसेर, सहायक आबकारी अधिकारी
- सौरभ बख्शी, सहायक आयुक्त आबकारी
- दिनकर वासनिक, सहायक आयुक्त आबकारी
- मोहित कुमार जायसवाल, जिला आबकारी अधिकारी
- नीतू नोतानी ठाकुर, उपायुक्त आबकारी
- गरीबपाल सिंह दर्दी, जिला आबकारी अधिकारी
- नोहर सिंह ठाकुर, उपायुक्त आबकारी
- सोनल नेताम, सहायक आयुक्त आबकारी
- प्रकाश पाल, सहायक आयुक्त आबकारी
- अलेख राम सिदार, सहायक आयुक्त आबकारी
- आशीष कोसम, सहायक आयुक्त आबकारी
- ए.के. सिंह, जिला आबकारी अधिकारी (सेवानिवृत्त)
- राजेश जायसवाल, सहायक आयुक्त आबकारी
- जे.आर. मंडावी, जिला आबकारी अधिकारी (सेवानिवृत्त)
- जी.एस. नुरुटी, सहायक आयुक्त आबकारी (सेवानिवृत्त)
- देवलाल वैद्य, जिला आबकारी अधिकारी (सेवानिवृत्त)
- ए.के. अनंत, जिला आबकारी अधिकारी (सेवानिवृत्त)
- वेदराम लहरे, सहायक आयुक्त आबकारी (सेवानिवृत्त)
- एल.एल. ध्रुव, सहायक आयुक्त आबकारी (सेवानिवृत्त)

