Tue. Dec 30th, 2025

मध्य प्रदेश की 5 बड़ी खबरें: मध्य प्रदेश की सियासत में गुटबाजी, किसान बचाओ आंदोलन की गूंज, विधायक आरिफ मसूद पर केस, मेडिकल जांच घोटाले का आरोप और केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास वोटर आईडी कार्ड मिलने से मचा हड़कंप

5 big news of Madhya Pradesh
5 big news of Madhya Pradesh

1. जीतू पटवारी के सामने कांग्रेस में गुटबाजी उजागर
मध्य प्रदेश कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई। बैतूल जिला कांग्रेस में दो गुटों के बीच गुटबाजी इतनी बढ़ी कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के सामने ही टकराव की स्थिति बन गई। इससे कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।

2. छिंदवाड़ा में किसान बचाओ आंदोलन ने पकड़ी रफ़्तार
छिंदवाड़ा में बुधवार को किसान बचाओ आंदोलन के दौरान भारी भीड़ जुटी। नकुलनाथ, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और जीतू पटवारी समेत कई बड़े नेताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से मुलाकात न होने पर प्रतीकात्मक तौर पर एक कुत्ते को ज्ञापन सौंपकर सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया।

3. कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर धोखाधड़ी का केस
भोपाल में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कोहेफिजा थाने में उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। उन पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने कॉलेज को मान्यता दिलवाई। यह कार्रवाई जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश पर की गई है।

4. मेडिकल जांच के नाम पर 300 करोड़ का घोटाला
एमपी कांग्रेस ने राज्य के जिला अस्पतालों में मेडिकल जांच के नाम पर 300 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि 85 अस्पतालों में निजी कंपनियां सामान्य दर से 25% अधिक वसूली कर रही हैं और हर दिन औसतन 40 हजार जांचों से मोटा मुनाफा कमा रही हैं। इस घोटाले को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

5. केंद्रीय मंत्री के बंगले के पास वोटर आईडी कार्ड का मामला
सागर सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के बंगले के पास बैग में मिले वोटर आईडी कार्ड मामले ने सियासी रंग पकड़ लिया है। सांसद प्रतिनिधि ने इसे षड्यंत्र बताते हुए कहा कि मंत्री को बदनाम करने की नीयत से स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी ने यह साजिश रची। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज को सबूत के तौर पर पेश करने का दावा किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *