Fri. Mar 6th, 2026

RAIPUR NEWS: अवैध कबाड़खानों पर कार्रवाई की मांग, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

रायपुर। रायपुर जिला युवा कांग्रेस और बिरगांव मंडल के संयुक्त तत्वाधान में अवैध कबाड़ी संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर रायपुर शहर उप पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि रायपुर क्षेत्र के उरला, बीरगांव, सरोरा सहित कई इलाकों में अवैध कबाड़खाने बड़े पैमाने पर संचालित हो रहे हैं। इन कबाड़ियों के माध्यम से ट्रक कटिंग और चोरी की संपत्ति की खरीद-बिक्री जैसी आपराधिक गतिविधियाँ खुलेआम चल रही हैं, जिसके कारण चोरी और संगठित अपराधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन गतिविधियों से आम नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति पर खतरा बढ़ गया है और क्षेत्र में भय व असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।

इसके पूर्व भी इस विषय पर कई बार आवेदन प्रस्तुत किए गए, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं:

  1. तीन दिनों के भीतर अवैध कबाड़ गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जाए।

  2. दोषियों पर भारतीय दंड संहिता सहित अन्य विधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

  3. क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति सुनिश्चित की जाए।

जिलाध्यक्ष विनोद कश्यप ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस उग्र जनांदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ज्वाला गोस्वामी (मंडल अध्यक्ष बिरगांव), वैभव पांडेय, रोशन यादव, फरदीन खोखर, जानु भार्गव, भटकेश्वर वैष्णव, जीत निर्मलकर, श्रेयांश शुक्ला और मुनेश गौतम सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *