T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज रॉस टेलर ने तीन साल बाद क्रिकेट मैदान पर वापसी का ऐलान किया है। 41 वर्षीय टेलर अब न्यूजीलैंड की नहीं, बल्कि अपने पैतृक देश समोआ की जर्सी पहनकर खेलते नजर आएंगे। उन्होंने इस साल अक्टूबर में होने वाले एशिया-पूर्वी एशिया-प्रशांत T20 वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर के लिए समोआ टीम में जगह बनाई है।
अक्टूबर में होगा डेब्यू
यह क्वालिफाइंग टूर्नामेंट 8 अक्टूबर 2025 से ओमान में शुरू होगा। समोआ ग्रुप-3 में मेजबान देश और पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ मैच खेलेगा। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर सिक्स में जाएंगी और शीर्ष पर रहने वाली टीमों को 2026 टी20 विश्व कप (भारत और श्रीलंका में) में एंट्री मिलेगी। इसी टूर्नामेंट से रॉस टेलर समोआ के लिए डेब्यू करेंगे।
संन्यास पर तोड़ी चुप्पी
रॉस टेलर ने कहा—
“ये आधिकारिक है। मुझे गर्व है कि मैं नीली जर्सी पहनकर समोआ का प्रतिनिधित्व करूंगा। यह सिर्फ उस खेल में वापसी नहीं है जिससे मैं प्यार करता हूं, बल्कि अपनी विरासत, संस्कृति और परिवार का सम्मान करने का अवसर भी है। मैं अपने अनुभव को मैदान के अंदर और बाहर साझा करने के लिए उत्साहित हूं।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे शुरू में कोचिंग के जरिए योगदान देना चाहते थे, लेकिन अब खेल के रूप में टीम से जुड़ना उनके लिए बेहद खास है।
रॉस टेलर का शानदार करियर
-
टेस्ट: 112 मैच, 7683 रन, 19 शतक, 35 अर्धशतक
-
वनडे: 236 मैच, 8607 रन, 21 शतक, 51 अर्धशतक
-
टी20I: 102 मैच, 1909 रन
टेलर ने 2006 में न्यूजीलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और आखिरी बार 2022 में नीदरलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरे थे। उन्होंने कुल 40 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए और लंबे समय तक कीवी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे।

