जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घिनौनी घटना सामने आई है। यहां 16 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ चार युवकों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
इस घटना पर पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, किशोरी अपने दो परिचित लड़कों के साथ शिवरीनारायण घूमने जा रही थी। रास्ते में, राहौद क्षेत्र के पास चार युवकों ने उन्हें रोका और पैसों की मांग की। जब लड़की और उसके साथियों ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों की नीयत खराब हो गई। इसके बाद, चारों ने जबरन किशोरी को अपनी गिरफ्त में लिया और उसके साथ गैंगरेप किया।
घटना के बाद, पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों ने तुरंत शिवरीनारायण थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक बिलारी गांव का रहने वाला है, जबकि दो आरोपी राहौद क्षेत्र के निवासी हैं। चौथा आरोपी घटना के बाद से ही फरार है।

