Fri. Jan 23rd, 2026

MP Breaking: दो सगे भाइयों की गयी जान, तीसरा भाई अस्पताल में गंभीर…!

Two brothers died, third brother critical in hospital...!
Two brothers died, third brother critical in hospital...!

MP Breaking: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से दीपावली के बाद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ जमीनी विवाद के चलते दो सगे भाइयों की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। यह वारदात मंगलवार की रात बुढ़ार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी अंतर्गत बलबहरा गांव में हुई।

हमलावरों ने दुकान में घुसकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, ग्राम बलबहरा निवासी राहुल तिवारी और राकेश तिवारी दीपावली के दूसरे दिन अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान में दिया जलाने पहुंचे थे। तभी गांव के अनुराग शर्मा अपने करीब 10 साथियों — नीलेश कुशवाहा, नयन पाठक, सचिन शर्मा आदि के साथ पहुंचा और फरसा, तलवार, डंडे और बंदूक से हमला कर दिया। हमले में राकेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल तिवारी को गंभीर अवस्था में शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

तीसरा भाई सतीश तिवारी गंभीर

तीसरा भाई सतीश तिवारी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उपचाररत है। बताया जा रहा है कि मरने से पहले राकेश ने मोबाइल कैमरे में बयान दर्ज कराया, जिसमें उसने हमलावरों के नाम लेकर पूरी घटना बताई। उसने कहा कि अनुराग शर्मा, सचिन शर्मा और उनके साथियों ने दुकान में घुसकर हमला, तोड़फोड़ और लूटपाट की।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला

मृतकों के पिता पुरुषोत्तम तिवारी ने बताया कि विवाद 99 डिसमिल की पट्टे वाली जमीन को लेकर था। उन्होंने बताया कि 2021 में भी अनुराग शर्मा ने पिस्टल दिखाकर धमकी दी थी, और उस समय मामला दर्ज कराया गया था। परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते ही यह दोहरी हत्या की गई।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार

पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा और उसके कुछ साथियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीनी विवाद ही हत्या की वजह है। उन्होंने कहा कि “कुछ लोगों को राउंडअप किया गया है, कार्रवाई जारी है।”

गांव में पसरा मातम

दीपावली की खुशियों के बीच अब बलबहरा गांव में मातम का माहौल है। परिवार के दो बेटों के शव देखकर गांववाले भी गम में डूब गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

चौकी प्रभारी लाइन अटैच

घटना के बाद केशवाही चौकी प्रभारी आशीष झरिया को एसपी रामजी श्रीवास्तव ने लाइन अटैच कर दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी की घटना भी हुई थी, जिसके बाद चौकी प्रभारी को हटाने की मांग उठी थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *