CG News: कोरबा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में मंगलवार रात दो नायब तहसीलदारों के साथ आधा दर्जन से अधिक युवकों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। हमले में दीपका तहसीलदार अमित केरकेटा और हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मसाज सेंटर पहुंचे थे दोनों अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच दोनों अधिकारी आदर्श नगर स्थित ‘राजेश ब्यूटी पार्लर’ पहुंचे थे। बताया गया कि एक पटवारी ने उन्हें बताया था कि वहां मसाज अच्छी तरह की जाती है। दोनों तहसीलदार अपनी-अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो में वहां पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक स्कॉर्पियो चालकों से विवाद करने लगे।
समझाने पहुंचे अधिकारी बने हमले का शिकार
विवाद बढ़ने पर तहसीलदार बाहर आए और मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवकों ने दोनों अधिकारियों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी युवक भाग निकले।
चार युवक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी आदतन अपराधी
कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने बताया कि घटना के बाद चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें पुनेश, बबन, डिंपल और हितेश सारथी शामिल हैं।
मुख्य आरोपी हितेश सारथी आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में धारा 307 (हत्या का प्रयास), डकैती समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

