Breaking News: गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम जेन्जरा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति खंडित करने की घटना से पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही निवासी पूनानंद उर्फ राजू साहू को हिरासत में ले लिया है। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्राम पंचायत जेन्जरा में स्वर्गीय रघुनाथ साहू की स्मृति में महात्मा गांधी की प्रतीकात्मक मूर्ति स्थापित की गई थी। वर्ष 2019 में तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अमितेश शुक्ल ने गांधी चौक में इस मूर्ति का अनावरण किया था। तब से ग्रामीण हर वर्ष गांधी जयंती सहित कई अवसरों पर यहां श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे हैं।
बीती रात अज्ञात परिस्थितियों में मूर्ति खंडित पाई गई, जिसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे।
पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों और सिद्धांतों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने भी आरोपी को कठोर सजा देने की अपील की है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

