CG NEWS : तखतपुर/बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के बेटे और स्थानीय राइस मिल संचालक ज्ञानदीप पांडे पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। युवती ने ज्ञानदीप पांडे पर उसके साथ लगातार छेड़छाड़ करने, जबरन शादी का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
CG NEWS : पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ तखतपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मिल संचालक के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी देने और महिला की गरिमा भंग करने संबंधी धाराओं के तहत तुरंत अपराध दर्ज कर लिया है।
काम छोड़ने के बाद भी नहीं रुका टॉर्चर
शिकायत के अनुसार, पीड़िता लंबे समय से आरोपी ज्ञानदीप पांडे की राइस मिल में अकाउंटेंट के पद पर काम कर रही थी। इसी दौरान मिल संचालक द्वारा उसके साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही थी। मानसिक रूप से परेशान और असुरक्षित महसूस करने के कारण युवती ने राइस मिल में काम करना बंद कर दिया।
हालांकि, युवती का काम छोड़ना भी आरोपी को नागवार गुजरा। काम बंद होने के बाद, ज्ञानदीप पांडे कई बार युवती के घर पहुंचा और उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब पीड़िता और उसके परिजनों ने मना किया, तो आरोपी ने धमकाना शुरू कर दिया।
साथियों को लेकर घर पहुंचा और धमकाया
स्थिति तब और ज्यादा बिगड़ गई, जब आरोपी ज्ञानदीप पांडे अपने कुछ साथियों को लेकर पीड़िता के घर पहुंच गया। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने परिजनों को डराने-धमकाने और माहौल खराब करने की कोशिश की, जिससे घर में दहशत का माहौल बन गया।
लगातार धमकियों और आरोपी की दबंगई से तंग आकर, भयभीत परिवार ने आखिरकार तखतपुर थाने का रुख किया और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
FIR होते ही मिल संचालक फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर की खबर मिलते ही, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष का बेटा और राइस मिल संचालक ज्ञानदीप पांडे अपने घर से फरार हो गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा का आश्वासन भी दिया है।

