Mekahara Hospital Raipur : रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, डॉ. बी. आर. अम्बेडकर अस्पताल, में मरीजों को सोनोग्राफी, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी महत्वपूर्ण जांचों के लिए होने वाली लंबी प्रतीक्षा (वेटिंग) को खत्म करने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने बड़ा कदम उठाया है। अब तक इन जांचों के लिए मरीजों को 15 से 20 दिनों का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन 16 दिसंबर से यह इंतजार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और जांचें उसी दिन की जाएंगी।
Mekahara Hospital Raipur : जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में, रेडियोलॉजी विभाग की पूरी प्रक्रिया में सुधार किया गया है। लेकिन, सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव पर्ची बनाने के नियम में आया है।
अस्पताल प्रबंधन ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए अब जूनियर डॉक्टर सीधे सीटी स्कैन, एमआरआई या सोनोग्राफी की पर्ची नहीं बना पाएंगे। पर्ची जारी करने से पहले यूनिट इंचार्ज कंसल्टेंट की अनुमति और हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने पुष्टि की कि यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि पूर्व में जूनियर डॉक्टरों द्वारा अनावश्यक रूप से सीटी स्कैन और एमआरआई की पर्चियां लिखी जा रही थीं, जिसके कारण जांचों की वेटिंग 10 से 15 दिन तक बढ़ जाती थी।
व्यवस्था में सख्ती लाने का सकारात्मक असर दिखने लगा है। अधीक्षक के अनुसार, पिछले सप्ताह भर में वेटिंग काफी कम हो गई है। सोनोग्राफी अब उसी दिन होने लगी है; शुक्रवार को 256 सोनोग्राफी की गईं, जबकि पहले यह संख्या 130-135 ही रहती थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मशीनों के लिए आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था तत्काल की जा रही है, जिससे मरीजों की जांच उनकी वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति के अनुसार बिना किसी देरी के हो सके।

