IND vs SA 2nd ODI Raipur : रायपुर/नवा रायपुर: वनडे सीरीज़ की रोमांचक शुरुआत के बाद, क्रिकेट प्रेमियों का इंतज़ार आज खत्म हो रहा है। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें वनडे सीरीज़ के दूसरे मुकाबले के लिए आज शाम राजधानी रायपुर पहुंच रही हैं। दोनों टीमें चार्टर्ड प्लेन से आएंगी।
IND vs SA 2nd ODI Raipur : शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले, दोनों टीमें कल (2 दिसंबर) ज़ोरदार अभ्यास करेंगी। दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी दोपहर डेढ़ बजे (1:30 PM) मैदान पर उतरेंगे, जबकि भारतीय टीम का प्रैक्टिस सत्र शाम 5:30 बजे शुरू होगा।
आउटफील्ड होगी तेज़, ओस डालेगी प्रभाव
बीसीसीआई के क्यूरेटर्स ने मैच के लिए मैदान और पिच को अपने नियंत्रण में ले लिया है। क्यूरेटर्स ने बताया कि रायपुर स्टेडियम की आउटफील्ड, रांची की तुलना में अधिक तेज़ रहेगी। नियमित रूप से दिए जा रहे फर्टिलाइज़र, समय पर पानी देने और खुली धूप मिलने के कारण मैदान की स्थिति शानदार हो गई है।
पिच को बल्लेबाज़ी के लिए बेहतरीन माना जा रहा है। हालाँकि, क्यूरेटर्स ने यह भी चेतावनी दी है कि दूसरे सत्र (शाम) में पड़ने वाली ओस के कारण, बाद में गेंदबाज़ी करने वाली टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। लक्ष्य का बचाव करते समय गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा होगी। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के क्यूरेटर्स अभी भी पिच को बेहतर बनाने के लिए हल्के रोलर से रोलिंग कर रहे हैं और रात में इसे ओस से बचाने के लिए ढकने का काम किया जा रहा है।
नवा रायपुर स्टेडियम में पहली बार ‘स्पाइडर कैमरा’
इस मुकाबले को खास बनाने के लिए बीसीसीआई की ब्रॉडकास्टिंग टीम ने स्टेडियम में बड़ी तकनीकी तैयारी की है। रायपुर के अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में पहली बार मैदान के ऊपर बीचों-बीच ‘स्पाइडर कैमरा’ लगाया जा रहा है। इसके साथ ही, बेहतर विज़ुअल्स के लिए मैदान के चारों ओर 4K अल्ट्रा क्वालिटी के लगभग 40 अतिरिक्त कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। अधिकृत विज्ञापन एजेंसियों के बोर्ड लगाने का काम भी आज सुबह से ही शुरू कर दिया गया है।
टिकट काउंटर पर अभी भी असमंजस
मैच के टिकट वितरण को लेकर दर्शकों में अभी भी कुछ असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऑनलाइन टिकट बुक कराने वालों को बूढ़ातालाब किनारे स्थित इंडोर स्टेडियम से 2 दिसंबर की शाम तक ही फिजिकल टिकट मिल पाएंगे। इसके बाद की भीड़ और सुविधा को देखते हुए, क्रिकेट संघ ने नवा रायपुर रेलवे स्टेशन के आसपास अस्थायी टिकट काउंटर खोलने के लिए नवा रायपुर विकास प्राधिकरण से अनुमति मांगी थी, लेकिन अभी तक उसका जवाब नहीं आया है। इस कारण 3 दिसंबर को खुलने वाले अतिरिक्त काउंटर पर अनिश्चितता बनी हुई है।

