CG NEWS : अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में कोतवाली पुलिस ने एक बड़े गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। मशहूर तंबाकू कंपनियों के पैकेट में नकली और मिलावटी सिगरेट बेचकर बाजार में मुनाफा कमाने वाले एक गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस ने कपिल मित्तल एंड संस के अग्रसेन मार्ग स्थित गोदाम और राम मंदिर रोड स्थित निवास पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त की है।
CG NEWS : कंपनी की एक साल की निगरानी के बाद एक्शन
पुलिस की इस कार्रवाई से पहले, ब्रांडेड कंपनियों को लंबे समय से बाजार में अपने उत्पादों की नकली बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद, कंपनी के अधिकारी पिछले एक वर्ष से अंबिकापुर में इस पूरे नेटवर्क पर गोपनीय तरीके से नज़र बनाए हुए थे।
नई दिल्ली स्थित आईटीसी (ITC) कंपनी के अधिकारी सदानंद मिश्रा ने कोतवाली थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
दो पिकअप में भरी मिली बड़ी खेप
छापेमारी के दौरान, पुलिस को दो पिकअप वाहनों में भरकर रखी गई नकली सिगरेट की एक बड़ी खेप मिली। जब्त की गई सिगरेट में गोल्ड फ्लेक, फ्लेग, लिबर्टी और इंडीमेंड जैसे प्रतिष्ठित ब्रांडों के नकली उत्पाद शामिल थे।
कोतवाली पुलिस ने इस पूरे रैकेट का मुख्य आरोपी कपिल मित्तल (राम मंदिर रोड निवासी) को बताते हुए उसके खिलाफ कॉपीराइट्स एक्ट (संशोधित अधिनियम) सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित नेटवर्क हो सकता है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। यह कार्रवाई बाजार में नकली उत्पादों के कारोबार पर एक बड़ी चोट है।

