Bilaspur News : पुलिस की गाड़ी और रईसी वाला नशा
यह पूरी घटना रविवार रात की है। रायपुर के वीआईपी स्टेट निवासी डिलेश्वर पटेल की गाड़ी (CG 04 NJ 9007) पिछले दो सालों से बिलासपुर पुलिस विभाग में सेवा दे रही है। गाड़ी में खराबी आने के कारण ड्राइवर आशीष यादव इसे लेकर रायपुर आया था। लेकिन ड्यूटी और जिम्मेदारी को ताक पर रखकर आशीष ने पुलिसिया धौंस वाली इस गाड़ी को ही ‘बार’ बना दिया। वह अपने दोस्तों के साथ गाड़ी के भीतर शराब के नशे में धुत पाया गया।
वायरल वीडियो ने खोली पोल
बीच सड़क पर खड़ी पुलिस की बत्ती वाली गाड़ी में संदिग्ध हरकतें देख राहगीरों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ दिख रहा था कि कैसे सरकारी सिस्टम का हिस्सा बनी गाड़ी के भीतर नशे का खेल चल रहा है। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बिलासपुर और रायपुर पुलिस की सक्रियता से गाड़ी के मालिक का पता लगाया गया और ड्राइवर आशीष यादव को दबोच लिया गया।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज, गाड़ी जब्त
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी ड्राइवर पर मोटरयान अधिनियम की धारा 108, 185 और 119(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने न केवल वाहन को जब्त किया है, बल्कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी भी कर ली है। विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या गाड़ी का दुरुपयोग पहले भी किसी गलत काम के लिए किया गया था।

