Nava Raipur Drive-in Movie : रायपुर | नवा रायपुर के मनोरंजन जगत में एक ऐतिहासिक क्रांति होने जा रही है। रायपुर के एमएसएमई ‘द फरेबिस’ (The Farebis) ने छत्तीसगढ़ का पहला ‘ड्राइव-इन मूवी’ (Drive-in Movie) थिएटर शुरू करने का फैसला किया है। यह अनूठा शो नवा रायपुर के खूबसूरत सेंग लेक ग्राउंड में आयोजित होगा, जहाँ दर्शक अपनी कार की प्राइवेसी में बैठकर विशाल स्क्रीन पर फिल्मों का लुत्फ उठा सकेंगे।
Nava Raipur Drive-in Movie : इस शानदार सफर की शुरुआत रविवार, 21 दिसंबर 2025 से होने जा रही है। उद्घाटन के लिए बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक फिल्मों को चुना गया है:
पहला शो (शाम 5:45 बजे): ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (DDLJ), जो अपनी रिलीज की 30वीं सालगिरह मना रही है।
दूसरा शो (रात 10:25 बजे): ‘मोहब्बतें’, जो अपने सिल्वर जुबली वर्ष (25 साल) का जश्न मना रही है।
अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाएं: ‘द फरेबिस’ की फाउंडर अनंता जायसवाल ने बताया कि यह देश का इकलौता ‘डबल ऑडियो सिस्टम’ वाला मॉडल है। फिल्म की आवाज कार के एफएम (FM) रेडियो पर सुनी जा सकेगी, साथ ही बाहर सराउंड साउंड की भी व्यवस्था है। विशाल एलईडी वॉल पर हाई-क्वालिटी स्क्रीनिंग के साथ दर्शकों को कार में ही नामचीन शेफ द्वारा तैयार चाइनीज और कॉन्टिनेंटल व्यंजनों का स्वाद मिलेगा।
टिकटिंग और सुरक्षा: को-फाउंडर मयंक वर्मा के अनुसार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और नशे की हालत में प्रवेश वर्जित है। टिकटिंग पार्टनर रायपुर का ही प्लेटफॉर्म ‘Find Your Vibe’ है। खास बात यह है कि टिकट फीस प्रति कार तय की गई है, जिसमें व्यक्तियों की संख्या की कोई सीमा नहीं है। ऑन-द-स्पॉट बुकिंग के लिए ग्राउंड पर भी काउंटर उपलब्ध रहेंगे।
नवा रायपुर का यह ‘ओपन एयर’ थिएटर न केवल युवाओं और कपल्स के लिए एक बेहतरीन डेटिंग स्पॉट बनेगा, बल्कि परिवारों के लिए भी सुरक्षित और सुखद पिकनिक अनुभव साबित होगा। आने वाले दिनों में हर वीकेंड और खास मौकों पर यहाँ फिल्मों का सिलसिला जारी रहेगा।

