Sun. Dec 28th, 2025

Chhattisgarh Bandh : छत्तीसगढ़ बंद में भारी बवाल : रायपुर के मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़, ब्लिंकिट गोदाम में घुसे प्रदर्शनकारी, कर्मचारियों के साथ मारपीट

Chhattisgarh Bandh
Chhattisgarh Bandh

 Chhattisgarh Bandh : रायपुर (छत्तीसगढ़) : कांकेर के आमाबेड़ा में हुई हिंसा और धर्मांतरण के विरोध में ‘छत्तीसगढ़ सर्व समाज’ द्वारा बुलाए गए ‘छत्तीसगढ़ बंद’ ने आज राजधानी रायपुर में उग्र रूप ले लिया। प्रदेशव्यापी बंद का असर सुबह से ही व्यापारिक केंद्रों पर देखा गया, लेकिन दोपहर होते-होते राजधानी के कई इलाकों से तोड़फोड़ और मारपीट की खबरें सामने आने लगीं। प्रदर्शनकारियों ने न केवल दुकानें बंद कराईं, बल्कि मॉल और ऑनलाइन डिलीवरी सेंटर्स को भी निशाना बनाया।

 Chhattisgarh Bandh : मैग्नेटो मॉल में मचा उत्पात, क्रिसमस की सजावट तोड़ी
राजधानी के तेलीबांधा स्थित प्रसिद्ध मैग्नेटो मॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा गुट वहां दाखिल हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मॉल के अंदर जमकर नारेबाजी की और वहां क्रिसमस की तैयारियों को लेकर की गई विशेष सजावट और लाइटिंग को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। मॉल के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के आगे उनकी एक न चली। मॉल के अंदर मौजूद लोग अचानक हुए इस हमले से दहशत में आ गए।

read more : Raipur News : शराब के नशे में सहकर्मी को घोंपा चाकू, फिर खुद ही पहुंचाया अस्पताल, जानें उसके बाद क्या हुआ

ब्लिंकिट गोदाम में मारपीट, सेवा जारी रखने पर नाराजगी
हंगामे की दूसरी बड़ी घटना कटोरा तालाब इलाके में सामने आई। यहाँ क्विक डिलीवरी सर्विस ब्लिंकिट (Blinkit) के गोदाम में प्रदर्शनकारियों ने धावा बोल दिया। बंद के दौरान डिलीवरी सेवा चालू रहने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की। गोदाम के अंदर रखे सामान को भी नुकसान पहुँचाया गया। मारपीट की इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और कर्मचारियों में भारी रोष और डर का माहौल है।

व्यापारिक संगठनों और हिंदू संगठनों का मिला समर्थन
उल्लेखनीय है कि इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और ट्रांसपोर्ट चैंबर ने अपना पूर्ण समर्थन दिया था। सुबह से ही चैंबर के पदाधिकारियों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और व्यापारियों से दुकानें बंद रखने की अपील की। शहर के प्रमुख बाजार जैसे गोल बाजार, मालवीय रोड और शास्त्री बाजार में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। सब्जी मंडियों से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर तक की गतिविधियां ठप रहीं।

पुलिस बल तैनात, स्थिति तनावपूर्ण
जगह-जगह हो रही तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। मैग्नेटो मॉल और कटोरा तालाब जैसे क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से तोड़फोड़ करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि बंद शांतिपूर्ण होना चाहिए था, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *