रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026 के लिए छुट्टियों का आधिकारिक कैलेंडर जारी कर दिया है। सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए यह साल खुशियों भरा होगा, क्योंकि पूरे साल में कुल 107 दिन दफ्तर और स्कूल बंद रहेंगे। शासन द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के अनुसार, इस लिस्ट में 18 सार्वजनिक अवकाश, 28 सामान्य अवकाश और 61 ऐच्छिक अवकाश (Optional Holidays) शामिल किए गए हैं।
कैलेंडर की खास बात यह है कि जनवरी से दिसंबर तक हर महीने बड़े त्योहारों की छुट्टी मिलेगी। हालांकि, इस बार महाशिवरात्रि और दीपावली जैसे बड़े पर्व रविवार के दिन पड़ रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को अलग से मिलने वाली अतिरिक्त छुट्टी का लाभ नहीं मिल पाएगा। यह अवकाश सूची प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, राजस्व न्यायालयों और शैक्षणिक संस्थानों पर अनिवार्य रूप से लागू होगी। कर्मचारी संगठनों ने समय से पहले लिस्ट जारी होने का स्वागत किया है, जिससे वे अपनी पारिवारिक योजनाओं को बेहतर ढंग से बना सकेंगे।

