रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले चुकीं पूर्व भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी शीतल शास्वत वर्मा को विशेष सचिव के पद पर संविदा नियुक्ति दी है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने 29 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, शीतल शास्वत वर्मा की नियुक्ति प्रमुख सचिव (असंवर्गीय) के रिक्त पद के विरुद्ध विशेष सचिव के रूप में की गई है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति होने तक, जो भी पहले होगा, प्रभावी रहेगा।
वित्त विभाग की सहमति के बाद जारी हुआ आदेश
सरकार ने बताया कि इस नियुक्ति को वित्त विभाग की सहमति प्राप्त होने के बाद अंतिम रूप दिया गया। वित्त विभाग ने 21 सितंबर 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। नियुक्ति की सभी शर्तें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम, 2012 के तहत लागू होंगी।
दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगी
आदेश के मुताबिक, शीतल शास्वत वर्मा को वित्त विभाग में विशेष सचिव के रूप में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें मुख्य सचिव कार्यालय में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
2005 बैच की IRS अधिकारी हैं शीतल वर्मा
शीतल शास्वत वर्मा 2005 बैच की भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी रही हैं। उन्होंने प्रतिनियुक्ति पर लगभग सात वर्षों तक छत्तीसगढ़ में विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाली हैं। हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद राज्य सरकार ने उनके प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उन्हें संविदा आधार पर नई जिम्मेदारी सौंपी है।

